धरती ही हमारा घर है, इसको लूटकर कैसे समृद्ध होंगे?
इंदौर, 21 नवंबर
लेखक ✍️ अमित जैन
अभी हाल ही में हमने पुरुष दिवस मनाया। सब कह रहे हैं—पुरुष परिवार के लिए कमाता है।
पर कौन-सा परिवार? चार दीवारों वाला परिवार? खून के रिश्तों वाला परिवार? एक छत के नीचे रहने वाला परिवार? या यह पूरी धरती वाला परिवार?
औद्योगिक हिंसा और हमारी रोजी-रोटी
आज सबसे बड़ी हिंसा औद्योगिक हिंसा है।
कंपनियाँ नदियों में जहर डाल रही हैं, फैक्ट्रियाँ हवा और मिट्टी को बर्बाद कर रही हैं और दुकानों पर वही जहर पेंट, डिस्टेंपर, प्लास्टिक, कपड़े, मिलावटी भोजन, टीवी, फ्रिज, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और केमिकल वाले सामान के रूप में बिक रहा है।
हर व्यापार धरती को लूटने और बर्बाद करने का कारण बन गया है। और नौकरी भी इससे अलग नहीं है।
हर मल्टीनेशनल कंपनी किसी न किसी प्राकृतिक संसाधन को खत्म कर रही है, चाहे वह किसी सॉफ्टवेयर कंपनी का क्लाइंट ही क्यों न हो। हर बिजनेस मॉडल धरती को ही खा रहा है।
हमारी सुविधाएँ कितना पानी और कितनी धरती खा रही हैं?
1. एक मोबाइल = 12,760 लीटर पानी
एक छोटा-सा मोबाइल बनाने में खनन, चिप, बैटरी और स्क्रीन, सब मिलाकर 12,760 लीटर पानी लगता है। यानी एक आदमी दो साल में जितना पानी पीता है, उतना एक मोबाइल बनाने में खर्च हो जाता है।
2. एक लैपटॉप या कंप्यूटर = 1,90,000 लीटर पानी
एक लैपटॉप बनाने में 1,90,000 लीटर पानी लगता है। चिप को 30 बार से ज्यादा शुद्ध पानी से धोना पड़ता है।
3. टीवी, फ्रिज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण
टीवी और फ्रिज में भी वही चिप, प्लास्टिक, स्टील, ताँबा और गैस लगती है। फ्रिज की गैस हवा को नुकसान पहुँचाती है। टीवी की स्क्रीन बनाने की सामग्री खनन से आती है। हर इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के पीछे कहीं पहाड़ टूटते हैं, कहीं जमीन खोदी जाती है, कहीं पानी खर्च होता है। इस्तेमाल के बाद यही सामान ई-कचरा बनकर मिट्टी में जहर घोलता है। दुनिया में 2022 में 6.2 करोड़ टन ई-कचरा निकला।
4. मोबाइल डेटा के पीछे पानी की खपत
हम सोचते हैं कि डेटा तो हवा में है। पर डेटा, डेटा सेंटर में रखा जाता है। एक एआई डेटा सेंटर रोज़ ठंडा रहने के लिए 20 लाख लीटर पानी पी जाता है। दुनिया भर के डेटा सेंटर साल में 56,000 करोड़ लीटर पानी इस्तेमाल कर रहे हैं। यानी हर रील, हर वीडियो, हर मैसेज के पीछे पानी की खपत भी है।
इतना पानी, इतनी खदानें, इतनी बिजली—किसके लिए? सिर्फ इसलिए कि घर में नया टीवी आ जाए, नया फ्रिज आ जाए, नया मोबाइल आ जाए?
पुरुष उसी हिंसा से पैसा ला रहा है। स्त्री उसी हिंसा का सामान माँगकर घर सजा रही है। और हम कह रहे हैं कि हम समृद्ध हो गए!
धरती को सँभालकर भी घर चल सकता है
बिना बर्बाद किए भी जीविकोपार्जन हो सकता है। बिना बर्बाद किए भी समृद्धि हासिल हो सकती है। धरती को सँभालते हुए भी घर चल सकता है और जीवन खुशहाली से जिया जा सकता है।
असली पुरुष वह है जो धरती को अपना घर समझकर, बिना हिंसा के कमाए। असली स्त्री वह है जो कह सके, “मुझे वह सामान नहीं चाहिए जो मेरे ही घर को उजाड़कर आया हो।”
जब घर की जरूरतें पूरी करने में धरती और मनुष्य, दोनों के शोषण से बचने की समझ होगी, तभी परिवार बचेगा और तभी समाज बचेगा।
पुरुष दिवस की शुभकामनाएँ उस पुरुष को, जो धरती को अपना घर मानकर सँभालता है और जानता है कि बिना बर्बाद किए भी समृद्ध हुआ जा सकता है।
लेखक परिचय
अमित जैन पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं और जर्मनी व अमेरिका में काम कर चुके हैं। वे पिछले दो वर्षों से अपने परिवार के साथ एमसीवीके, इंदौर से जुड़े हैं। प्रकृति के करीब और सह-अस्तित्व के भाव से जीने की इच्छा उन्हें भारत वापस लाई। वे ए. नागराज द्वारा प्रतिपादित मध्यस्थ दर्शन का अध्ययन करते हैं और उसकी समझ को अपने रोजमर्रा के जीवन में उतारने का प्रयास कर रहे हैं।