एक शाम ऐसी भी… जहां साथ जीने का भरोसा मिला

कॉर्नुकोपिया में सहअस्तित्व की समझ, प्रकृति, श्रम और संबंधों के बीच समृद्धि के साथ जीने की एक संभावना से मुलाकात

इंदौर, 15 नवंबर 2026
लेखक ✍️– मोहित धवन

तालाब के बीच बने मंच से संगीत के सुर उठ रहे थे। आसपास कोई कॉफी का आनंद ले रहा था, कोई बच्चों के साथ घूम रहा था, तो कोई स्टॉल पर रखी वस्तुओं को देख रहा था। शाम धीरे-धीरे गहरा रही थी। इसी चहल-पहल के बीच एमसीवीके का जीवन भी आगंतुकों के सामने खुल रहा था—यहां के लोगों का प्रयास, अपनापन, उनके बनाए उत्पाद और मिलकर एक व्यवस्था संभालने का उत्साह।

इंदौर से करीब 15 किलोमीटर की दूरी तय कर हम कॉर्नुकोपिया में पहुंचे थे। मासिक आयोजन की इस कड़ी को हैलोवीन थीम दी गई थी। बच्चों के लिए उसका अपना आकर्षण था। बड़ों के लिए भी घूमने, स्वाद लेने और संगीत सुनने के अवसर थे। लेकिन शाम बीतने के साथ महसूस हुआ कि यहां कुछ देर ठहरकर उस जीवन को भी देखा जा सकता है, जिसके बारे में हम अक्सर बात तो करते हैं, पर जिसे करीब से जानने के अवसर कम मिलते हैं।

आकांक्षा दीदी ने तिलक और बिंदी लगाकर आगंतुकों का स्वागत किया। स्वागत पेय के बाद राजीव भैया ने एमसीवीके की जीवन व्यवस्था का परिचय दिया। बातें सुनते हुए लोगों की उत्सुकता बढ़ रही थी। इतने सारे लोग एक साथ कैसे रहते हैं? अपनी जरूरतें कैसे पूरी करते हैं? यहां क्या-क्या बनता है? इन जिज्ञासाओं के साथ परिसर भ्रमण शुरू हुआ।

एक समूह उत्पादन इकाइयों की ओर चल पड़ा। दूसरा परिसर के वन क्षेत्र में पक्षी अवलोकन के लिए निकला। डॉ. अभय वानखेड़े, अशोक भैया, किशोर भैया , सौम्या पांडेय, प्राची पटेल कौल और पलक दीदी सहित अन्य साथी समूहों का मार्गदर्शन कर रहे थे।

पक्षियों को देखने के लिए कुछ देर अपनी गति धीमी करनी पड़ती है। निगाहों को पेड़ों पर ठहराना होता है, आसपास की आवाजों पर ध्यान देना होता है। रोजमर्रा की जल्दी में प्रकृति के इतने करीब आने का समय कहां निकाल पाते हैं! यहां यह अवसर सहज उपलब्ध था। उधर उत्पादन इकाइयों में दैनिक उपयोग की वस्तुओं को तैयार करने की प्रक्रिया से लोगों का परिचय हो रहा था।

शाम गहराने लगी तो कदम ग्रोव कैफे की ओर मुड़ गए। कॉफी, स्नैक्स और आइसक्रीम के बीच बातचीत का सिलसिला चल पड़ा। तालाब के मंच पर मिहिर और अनुभव अपनी आवाज और वाद्य संगीत से माहौल में रंग भर रहे थे। घूमने के बाद बैठना, साथ आए लोगों से बात करना और सामने चल रही प्रस्तुति सुनना—इन छोटी-छोटी बातों में शाम का सुकून बसा था।

तालाब के चारों ओर लगे स्टॉलों पर एमसीवीके में तैयार कपड़े, मसाले, अचार, स्नैक्स, बेकरी उत्पाद और शुद्ध देसी घी रखा था। परिसर में उगाई गई सब्जियां भी बिक्री के लिए उपलब्ध थीं। इन वस्तुओं को देखते हुए उनके पीछे का श्रम और समझ याद आती थी। कुछ देर पहले जिन गतिविधियों से परिचय हुआ था, उनके परिणाम अब सामने रखे थे। बनाने वाले, बनने की जगह और उपयोग करने वाले के बीच का संबंध यहां अधिक स्पष्ट दिखाई दे रहा था।

फिर सभी को ‘पवेलियन’ एम्फीथिएटर में बुलाया गया। यहां बच्चों ने ‘मानवीय विनिमय यात्रा’ नाटक प्रस्तुत किया। मनुष्य ने प्रकृति, जीव-जंतुओं और दूसरे मनुष्यों के साथ किस तरह शोषण और खिलवाड़ किया है, प्रस्तुति इसी ओर ध्यान खींच रही थी।

बच्चों को यह विषय मंच पर रखते देख एक विचार मन में ठहरता है—जिस भविष्य को हम उनके लिए बेहतर बनाना चाहते हैं, उसे हमारा आज का व्यवहार किस दिशा में ले जा रहा है? अनीश भैया के निर्देशन और पूर्वा तथा इंदु दीदी के समन्वय में तैयार नाटक को दर्शकों ने खूब सराहा। बच्चों की मेहनत के साथ उनका संदेश भी लोगों तक पहुंचा।

नाटक की प्रस्तुति के उपरांत मानव चेतना विकास केंद्र के संस्थापक अजय दायमा ने केंद्र की स्थापना के उद्देश्य पर संक्षेप में अपनी बात रखी। उन्होंने मानवीय व्यवस्था के निर्माण में परिवारों के योगदान, उनकी सहभागिता और केंद्र से जुड़ने की प्रक्रिया को भी स्पष्ट किया।

रात्रिभोज का समय हुआ तो सहभागिता की एक अलग व्यवस्था सामने आई। भोजन के बदले पैसे देने की जगह अपने श्रम के घंटे देने का आग्रह था। आगंतुक आगे कभी परिसर आकर भी यह योगदान पूरा कर सकते थे।

इस प्रस्ताव ने भोजन के अनुभव को एक और अर्थ दिया। यहां आने वाला व्यक्ति अपने समय, सहयोग और श्रम से भी इस व्यवस्था का सहभागी बन सकता था। अगली बार लौटने का एक कारण यह भी हो सकता था कि जिस व्यवस्था का आज लाभ लिया है, उसे चलाने में कुछ हाथ हम भी बंटाएं।

अंत में गौतम भैया और नवनीत दीदी के समन्वय में डरावनी कहानियां सुनाने की बेहद सुंदर प्रस्तुति हुई। हैलोवीन की थीम के अनुरूप इस कार्यक्रम का अपना आकर्षण था। अब शाम रात में ढल चुकी थी और आयोजन अपने अंतिम पड़ाव पर था, लेकिन कुछ आगंतुकों के लिए यहां से परिचय की शुरुआत हुई थी।

अपने परिवार के साथ आईं चंदा भट्ट ने कहा कि इस आयोजन ने उनके दिल को छुआ है। वे आने वाले समय में मध्यस्थ दर्शन को और गहराई से समझना चाहती हैं। सोमा दत्ता, राखी परिहार,  मीना जैन और अमेरिका से आईं दर्शन धीर यहां की व्यवस्था देखकर हैरान थीं। उनकी प्रतिक्रिया में एक गहरी जिज्ञासा थी—क्या इतने लोग बिना भय और चिंता के इतने सुख से साथ रह सकते हैं?

एक शाम में किसी जीवन व्यवस्था को पूरी तरह समझ लेना संभव नहीं। लेकिन उसे देखने, उसके लोगों से मिलने और फिर लौटकर आने की इच्छा का अपना महत्व है।

कॉर्नुकोपिया से लौटते हुए संगीत और स्वाद की यादों के साथ, यहां के जीवन को और करीब से समझने की इच्छा भी थी। इस शाम ने मन में एक सवाल छोड़ दिया था—हम अपनी जरूरतें पूरी करते हुए एक-दूसरे के सुख में कैसे सहभागी बन सकते हैं?

Leave a Reply